दिल्ली में बिजली सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार नंबर का प्रमाण देना अनिवार्य कर दिया गया है. दिल्ली सरकार के पावर विभाग ने 30 सितंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की, जो राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से प्रभावी है.

अधिसूचना के अनुसार, सब्सिडी पाने के इच्छुक उपभोक्ताओं को वेब पोर्टल या सरकार की ओर से तय किसी अन्य माध्यम से आधार नंबर रखने का प्रमाण देना होगा या आधार प्रमाणीकरण कराना होगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करना और सब्सिडी को लक्षित तरीके से पहुंचाना बताया गया है.

जिन लोगों को अभी आधार नंबर जारी नहीं हुआ है, वे आधार नामांकन के लिए किए गए आवेदन की 14 अंकों वाली एनरोलमेंट आईडी और संबंधित विवरण जमा करके योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकेंगे.

यह नियम BRPL, BYPL, Tata Power Delhi Distribution, NDMC और Military Engineer Services के संबंधित क्षेत्रों में लागू बिजली सब्सिडी लाभार्थियों पर लागू होगा. विभाग और संबंधित एजेंसियों को उपभोक्ताओं को नई आवश्यकता की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं.