दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की सोलो फोटोग्राफी प्रदर्शनी से उनके द्वारा खींची गई 70 से ज्यादा तस्वीरें हटा दी गईं. यह कार्रवाई प्रदर्शनी के दर्शकों के लिए खुलने से कुछ घंटे पहले हुई. बीकानेर हाउस की ओर से इस फैसले पर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है.

‘नो आइडिया इज फाइनल’ नाम की इस प्रदर्शनी का प्रीव्यू बुधवार को हुआ. इसे गुरुवार से रविवार तक दर्शकों के लिए खुले रखने का कार्यक्रम है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनी में पहले 100 से ज्यादा तस्वीरें शामिल थीं, लेकिन तस्वीरें हटाए जाने के बाद करीब 40 फोटो बची हैं.

रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्हें दोपहर 3:30 बजे बताया गया था कि अगर शाम 5 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी. उनके मुताबिक, प्रबंधन ने मौजूदा राजनीतिक माहौल का हवाला देकर दिल्ली के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों पर आपत्ति जताई. रेहान का कहना है कि प्रदर्शनी का प्रस्ताव और लेआउट पहले ही प्रबंधन को दिया जा चुका था.

रेहान ने इन तस्वीरों को पिछले छह महीनों के प्रदर्शनों का दृश्य दस्तावेज बताया. उन्होंने कहा कि इनमें कोई राजनीतिक संदेश नहीं था और कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि वह तिरंगे वाली तस्वीरें नहीं हटाएंगे.

तस्वीरों की इस सीरीज में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और विरोध प्रदर्शनों के तनावपूर्ण माहौल के दृश्य शामिल थे. एक तस्वीर में राहुल गांधी भी प्रदर्शनकारियों के बीच दिखाई देते हैं. ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में हुए थे.

प्रियंका गांधी वाड्रा ने फैसले को हास्यास्पद बताया. उन्होंने कहा कि तस्वीरों में किसी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं थी और वे केवल प्रदर्शनों का दृश्य रिकॉर्ड थीं. उन्होंने इसे युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बताते हुए कहा कि आज रेहान की बारी है, कल किसी और की हो सकती है.