जयपुर DGGI की टीम ने दिल्ली में फर्जी GST बिलिंग से जुड़े कथित नेटवर्क के खिलाफ तीन दिनों तक छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने 4 करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए. विभाग के मुताबिक, जांच में एक संगठित सिंडिकेट के काम करने की जानकारी सामने आई है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, नेटवर्क बिना वास्तविक सामान की खरीद-बिक्री किए फर्जी GST बिल जारी करता था. इन बिलों के आधार पर अलग-अलग कारोबारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ पहुंचाए जाने का संदेह है.

जांच में यह भी सामने आया कि कथित नेटवर्क में RTGS के जरिए बैंक खातों में रकम भेजे जाने के बाद उसे कारोबारियों तक पहुंचाया जाता था. इस तरह बैंक लेन-देन के जरिए भुगतान को वास्तविक कारोबारी गतिविधि के रूप में दिखाने की कोशिश की जाती थी.

छापेमारी में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त

तलाशी के दौरान नकदी के अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में चेकबुक और अलग-अलग फर्मों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए. इन सामग्रियों की जांच से नेटवर्क में शामिल लोगों, फर्जी बिलों के लाभार्थियों और पैसों के लेन-देन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

DGGI अब यह जांच कर रही है कि कथित सिंडिकेट में और कौन लोग शामिल हैं और किन कारोबारियों ने फर्जी ITC का लाभ लिया. विभाग बैंक खातों से नकदी तक हुए पूरे लेन-देन की भी पड़ताल कर रहा है.