नई दिल्ली की एक अदालत ने कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा रखने के मामले में नाइजीरियाई नागरिक नवाचुकवु बेंजामिन ओदिनाका को जमानत दे दी. अदालत के आदेश के अनुसार, आरोपी करीब 13 महीने से हिरासत में था और मामले की जांच पूरी हो चुकी है.
विशेष न्यायाधीश धीरज मोर ने आरोपी को 25,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो स्थानीय जमानतदारों पर रिहा करने का निर्देश दिया. अदालत ने कहा कि मुकदमे की सुनवाई में पर्याप्त समय लग सकता है और आरोप अभी तय नहीं हुए हैं. मामले में अभियोजन पक्ष के 26 गवाह बताए गए हैं.
अभियोजन के अनुसार, आरोपी को 14 सितंबर 2025 को बुराड़ी स्थित एक परिसर से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस का दावा है कि वहां कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा मिले थे. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, विदेशी नागरिकों से जुड़े कानून और एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया है.
अदालत ने आरोपी को बिना अनुमति भारत से बाहर नहीं जाने, पासपोर्ट जमा करने, गवाहों से संपर्क नहीं करने और सबूतों से छेड़छाड़ न करने का निर्देश दिया. अदालत ने यह भी कहा कि आरोपी पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत कोई आरोप नहीं है, इसलिए उस कानून की कड़ी जमानत शर्तें इस मामले में लागू नहीं होतीं.
