दिल्ली में त्योहारों के सीजन के दौरान बाजार बंद नहीं किए जाएंगे. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कहा है कि किसी भी धरने-प्रदर्शन के कारण व्यापारी अपनी दुकानें बंद नहीं करेंगे. संगठन ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर बाजारों और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
10 अक्टूबर को करीब ₹2,000 करोड़ के कारोबार पर असर
CTI के मुताबिक, 10 अक्टूबर को हुए धरने-प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से कई जगह बाजार और दुकानें बंद रखने को कहा गया. इसके बाद सदर बाजार, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, कनॉट प्लेस, करोल बाग और लाजपत राय मार्केट समेत कई कारोबारी इलाकों में गतिविधियां प्रभावित हुईं. संगठन ने इस एक दिन में दिल्ली के कारोबार को करीब ₹2,000 करोड़ का नुकसान होने का दावा किया है.
पुलिस कमिश्नर से तीन मांगें
CTI ने स्थानीय प्रशासन से व्यापारियों पर बाजार बंद करने का दबाव नहीं डालने की मांग की है. साथ ही दिल्ली पुलिस से प्रमुख बाजारों में पूरी सुरक्षा देने और दुकानदारों को बिना डर कारोबार करने की अनुमति सुनिश्चित करने को कहा है.
CTI पदाधिकारियों के अनुसार, नवरात्रि, रामलीला और दिवाली का समय व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण है. संगठन का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी प्रदर्शन या यातायात बाधा के कारण कारोबार प्रभावित नहीं होना चाहिए.
