नई दिल्ली: दिल्ली के बाजारों में अदालत के निर्देशों के बावजूद अलग-अलग तरह के पटाखे खुलेआम बिकने की रिपोर्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने आदेशों के कथित उल्लंघन की जांच का निर्देश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी को दिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चांदनी चौक, सदर बाजार, शास्त्री नगर, सरोजिनी नगर और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी समेत दिल्ली के कई इलाकों में पटाखे बेचे जा रहे हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ दुकानदार पारंपरिक पटाखों को ग्रीन पटाखों के नाम पर बेच रहे हैं. कई पैकेटों पर QR कोड नहीं होने या QR कोड से प्रमाणन की जानकारी नहीं मिलने की बात भी कही गई है.
बिक्री और आतिशबाजी के लिए तय समय
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में 4 से 6 नवंबर तक केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी है. 7 और 8 नवंबर को आतिशबाजी के लिए सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है. निर्देशों के अनुसार, 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर लागू होगा.
कोर्ट दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल से जुड़े मामले की सुनवाई कर रहा है. पिछली सुनवाइयों में पीठ ने कहा था कि 24 घंटे पटाखे चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती और इस मामले में संतुलित व्यवस्था जरूरी है.
29 अक्टूबर को कोर्ट ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली के लिए विराट कोहली जैसी जानी-मानी हस्तियों के संदेशों के जरिए जागरूकता फैलाने का सुझाव भी दिया था.
