दिल्ली कैबिनेट ने राजधानी में स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘गो-दिल्ली फाउंडेशन’ की स्थापना को मंजूरी दी है. सरकार ने इसके लिए ₹50 करोड़ की शुरुआती राशि स्वीकृत की है.

यह फाउंडेशन युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को उत्पाद विकसित करने, प्रोटोटाइप बनाने और परीक्षण सुविधाओं तक पहुंच दिलाने में मदद करेगा. इसके तहत तकनीकी मार्गदर्शन, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़ी सहायता और निवेशकों से संपर्क की सुविधा देने की योजना है.

फाउंडेशन को Companies Act, 2013 की Section 8 के तहत गैर-लाभकारी कंपनी के रूप में गठित किया जाएगा और यह दिल्ली सरकार के Industries Department के अधीन काम करेगा. सरकार के अनुसार, दिल्ली में Department for Promotion of Industry and Internal Trade (DPIIT) से मान्यता प्राप्त करीब 21,000 स्टार्टअप हैं.

इस पहल के तहत सरकारी विभाग अपनी चुनौतियां स्टार्टअप्स के सामने रख सकेंगे. विकसित समाधानों का पायलट आधार पर परीक्षण किया जाएगा और उपयोगी पाए जाने पर उन्हें आगे अपनाने पर विचार होगा. यह योजना जुलाई में मंजूर ₹400 करोड़ की दिल्ली Start-up and Incubation Policy के साथ मिलकर काम करेगी, जिसमें शैक्षणिक संस्थानों में इन्क्यूबेशन सेंटर विकसित करने का प्रावधान है.