दिल्ली की एक अदालत ने करीब ₹9.90 करोड़ मूल्य के कथित सोना तस्करी मामले में आठ आरोपियों को जमानत दे दी. मामला 23 सोने की चेन से जुड़ा है, जिनका कुल वजन 6.495 किलोग्राम बताया गया है.
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृदुल गुप्ता ने 5 अक्टूबर 2026 को आठों की जमानत अर्जियों पर आदेश सुनाया. अदालत ने कहा कि किसी आरोपी से व्यक्तिगत रूप से सोना बरामद नहीं हुआ और इस चरण पर ऐसा कोई स्वतंत्र material सामने नहीं है, जो उन्हें जब्त सोने से सीधे जोड़ता हो.
अदालत के मुताबिक कथित तस्करी का मुख्य भौतिक साक्ष्य पहले ही जब्त किया जा चुका है. आरोपियों के मोबाइल फोन, पासपोर्ट और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड जांच एजेंसी के नियंत्रण में हैं. एक आरोपी के घर से कथित तौर पर चार किलोग्राम चांदी की छड़ें और ₹7 लाख नकद मिलने का भी उल्लेख हुआ, लेकिन अदालत ने कहा कि इन वस्तुओं को जब्त सोने से जोड़ने वाली सामग्री फिलहाल सामने नहीं रखी गई है.
सभी आरोपियों को ₹50,000 के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की एक जमानत पर छोड़ा गया है. उन्हें जांच में सहयोग करने, बुलाए जाने पर जांच अधिकारी के सामने पेश होने, पासपोर्ट जमा करने और अदालत की अनुमति के बिना देश से बाहर नहीं जाने का निर्देश दिया गया है. अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत आदेश की टिप्पणियां मामले के अंतिम गुण-दोष पर राय नहीं हैं.
