नई दिल्ली में होने वाले BRICS Summit से पहले दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को अपने सभी सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है. यह फैसला शिखर सम्मेलन से जुड़ी सुरक्षा, यातायात और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए लिया गया है.
यह आदेश दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों पर लागू होगा. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर जारी की गई है.
BRICS Summit की तैयारियों के बीच फैसला
BRICS Leaders’ Summit का 18वां संस्करण 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाना है. सम्मेलन में विदेशी नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के कारण राजधानी में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.
दिल्ली सरकार के कार्यालयों को एक दिन बंद रखने का उद्देश्य सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाना और आम लोगों को संभावित यातायात व सुरक्षा प्रतिबंधों से होने वाली परेशानी को कम करना है.
केंद्रीय सरकारी कार्यालय भी रहेंगे बंद
केंद्र सरकार ने भी दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों को 11 सितंबर को बंद रखने का निर्णय लिया है. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के आधिकारिक ज्ञापन में इस फैसले के पीछे सम्मेलन के बड़े पैमाने और उससे जुड़ी व्यापक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का हवाला दिया गया है.
11 सितंबर के बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार हैं. ऐसे में दिल्ली में केंद्र और दिल्ली सरकार के संबंधित कार्यालयों के कर्मचारियों के लिए लगातार तीन दिन का अवकाश रहेगा. यह आदेश निजी संस्थानों और उन कार्यालयों पर स्वतः लागू नहीं होता, जो दिल्ली सरकार या केंद्र सरकार के प्रशासनिक नियंत्रण में नहीं आते.
