दिल्ली के सरकारी स्कूलों में छात्रों को शहर के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए हेरिटेज क्लब शुरू किए जाएंगे. दिल्ली सरकार के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित योजना के अनुसार, इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संरक्षण गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है.
योजना के तहत छात्र हेरिटेज वॉक, संग्रहालय आधारित शिक्षण, संरक्षण संबंधी गतिविधियों और स्थानीय इतिहास पर परियोजनाओं में हिस्सा ले सकेंगे. विद्यार्थियों को विरासत जागरूकता अभियान और अन्य छात्र-नेतृत्व वाली पहलों से जोड़ने की भी बात कही गई है.
दिल्ली सरकार के एक आधिकारिक विरासत-संबंधी दिशानिर्देश में बताया गया है कि क्लबों की गतिविधियां किसी स्मारक या विरासत क्षेत्र के इर्द-गिर्द पूरे शैक्षणिक वर्ष में विकसित की जा सकती हैं. इनमें प्रदर्शनी, प्रोजेक्ट और यात्रा-प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम शामिल हो सकते हैं.
योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय विरासत दिवस, 18 अप्रैल, के अवसर पर हेरिटेज मेला आयोजित करने का प्रावधान भी बताया गया है. इसका लक्ष्य किताबों तक सीमित इतिहास-शिक्षण के बजाय छात्रों को दिल्ली की विरासत से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है.
