दिल्ली सरकार ने नागरिकों से 7 और 8 नवंबर को केवल निर्धारित समय में ग्रीन पटाखे चलाने की अपील की है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, आतिशबाजी की अनुमति सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही होगी. इन समय-सीमाओं के बाहर पटाखे चलाना प्रतिबंधित रहेगा.
केवल CSIR-NEERI से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी. पटाखों के डिब्बों पर वैध उत्पाद और बैच-विशिष्ट QR कोड होना जरूरी है, ताकि उनके प्रमाणन और निर्माता से जुड़ी जानकारी की जांच की जा सके. बिक्री केवल दिल्ली पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से तय स्थानों पर होगी. ऑनलाइन या अनधिकृत बिक्री की अनुमति नहीं है.
अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर रोक रहेगी. जिला प्रशासन और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमें अनधिकृत बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन की जांच करेंगी. उल्लंघन होने पर पटाखे जब्त किए जा सकते हैं और लागू कानूनों के तहत कार्रवाई होगी.
8 नवंबर के बाद 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर लागू होने का निर्देश है.
