दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कार्यरत गेस्ट शिक्षकों के लिए मानदेय बढ़ाने और नौकरी की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठी है. गवर्नमेंट स्कूल टीचर्स एसोसिएशन (GSTA) ने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की अपील की है.

संघ का कहना है कि गेस्ट शिक्षकों का पारिश्रमिक पिछले 10 वर्षों से नहीं बढ़ा है. पत्र में उनके लिए उचित वेतनवृद्धि, न्यूनतम वेतनमान और सेवा-सुरक्षा की व्यवस्था की मांग की गई है. संगठन के अनुसार, रोजगार और आर्थिक भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता का असर शिक्षकों और उनके परिवारों पर पड़ रहा है.

GSTA ने शिक्षकों की लंबित टैबलेट प्रतिपूर्ति का मुद्दा भी उठाया है. संगठन का कहना है कि पूर्व सरकार के निर्देश पर शिक्षकों ने शैक्षणिक कार्यों के लिए अपनी बचत से टैबलेट खरीदे थे, लेकिन कई मामलों में राशि अब तक वापस नहीं मिली है.

यह मांग ऐसे समय में आई है जब दिल्ली शिक्षा निदेशालय गेस्ट शिक्षकों के दैनिक भुगतान की जगह निश्चित मासिक मानदेय की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर चुका है. हालांकि, प्रस्ताव को लागू करने पर अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है.