दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के गुरुद्वारा बंगला साहिब और गुरुद्वारा रकाबगंज परिसर में पहुंचने का मामला सामने आया है. दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजिंग कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने गुरुद्वारा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन पर आपत्ति जताई है.

हरमीत सिंह कालका के मुताबिक, गुरुद्वारा बंगला साहिब में सभी श्रद्धालुओं के आने की अनुमति है, लेकिन प्रदर्शनकारी कथित तौर पर जबरदस्ती परिसर में दाखिल हुए. उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे परिसर में बैठ गए और प्रदर्शन में लाए गए प्लेकार्ड का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी करने लगे.

कालका ने कहा कि गुरुद्वारे के भीतर किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धार्मिक स्थल के बाहर प्रदर्शन करने की अपील की और कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों के उन आरोपों को भी गलत बताया, जिनमें गुरुद्वारा प्रबंधन पर पुलिस को अंदर बुलाने की बात कही गई थी.

पुलिस के अनुसार, कई प्रदर्शनकारी बंगला साहिब और रकाबगंज से निकलकर जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और संसद की ओर गए. पुलिस का दावा है कि उन्हें पकड़ने की कोशिश के दौरान कुछ लोग फिर गुरुद्वारा परिसर में चले जाते थे.

इस बीच, गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिसकर्मियों के जूते पहनकर प्रवेश करने के आरोपों पर नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया पर सफाई दी. डीसीपी के अनुसार, वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी उस सामान्य रास्ते से गुजरते दिख रहे हैं, जिसका इस्तेमाल श्रद्धालु जूते उतारने की जगह तक पहुंचने के लिए करते हैं. उन्होंने वीडियो को धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के इरादे से प्रसारित किए जाने का आरोप लगाया और कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है.