उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मिलन गार्डन इलाके में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया. हादसे के बाद मलबे में दो मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई गई है, हालांकि देर रात तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी.

दिल्ली फायर सर्विसेज को घटना की सूचना शाम करीब 6:46 बजे मिली. इसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. NDRF, दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस, DDMA और अन्य राहत दलों ने मलबा हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश शुरू की.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह मूल रूप से पुरानी एक मंजिला इमारत थी, जिसके ऊपर एक और मंजिल का निर्माण किया जा रहा था. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि नई छत डालने के दौरान पुरानी स्लैब कमजोर होकर गिर गई और उसके साथ ऊपर डाली गई स्लैब भी ढह गई.

घटनास्थल तक पहुंचने के रास्ते संकरे और इलाका घिरा हुआ होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है. पुलिस और बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर किसी व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगा रहे हैं.