दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि रेस्तरां और होटल भोजन के बिल में सर्विस चार्ज अनिवार्य रूप से नहीं लगा सकते. अदालत ने रेस्तरां उद्योग की दो संस्थाओं की अपीलें सुनवाई के लिए स्वीकार कर लीं, लेकिन उनके पक्ष में कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि अपीलों में रेस्तरां को अंतरिम राहत नहीं दी गई है. केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि एकल न्यायाधीश के फैसले के बावजूद कुछ रेस्तरां सर्विस चार्ज लेना जारी रखे हुए हैं.

2025 का आदेश अभी प्रभावी

मामला 28 मार्च 2025 के उस एकल न्यायाधीश के फैसले के खिलाफ है, जिसमें केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की 2022 की गाइडलाइंस को बरकरार रखा गया था. इन गाइडलाइंस के तहत होटल या रेस्तरां बिल में सर्विस चार्ज अपने-आप या डिफॉल्ट रूप से नहीं जोड़ सकते.

पूर्व आदेश में कहा गया था कि ग्राहक यदि स्वेच्छा से टिप या अतिरिक्त राशि देना चाहें तो उस पर रोक नहीं है, लेकिन उसे बिल में अनिवार्य मद के रूप में शामिल नहीं किया जा सकता. अदालत ने अपीलों को नियमित सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है.