दिल्ली हाई कोर्ट ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने शांति बनाए रखने के लिए ₹10,000 का निजी बॉन्ड और जमानतदार देने संबंधी नोटिस को चुनौती दी थी. यह नोटिस विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने जांच लंबित रहने के दौरान जारी किया था.
बोरा को 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से जुड़ी गतिविधियों के दौरान हिरासत में लिया गया था. याचिका में उन्होंने कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई अपराध या कार्य नहीं किया जिससे शांति भंग होने की आशंका बनती हो.
मजिस्ट्रेट को सामग्री देने का निर्देश
हाई कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए यह भी कहा कि विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट को कार्यवाही में भरोसा की गई सभी सामग्री नेहा बोरा को उपलब्ध करानी होगी. अदालत ने मजिस्ट्रेट से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 135 के दायरे और उसके प्रभाव पर विचार करने को भी कहा.
अदालत ने विशेष रूप से यह जांचने का निर्देश दिया कि क्या जांच शुरू होते ही बॉन्ड भरने की शर्त लगाई जा सकती है, या फिर बाद की घटनाओं के आधार पर शांति भंग की आशंका बनने पर इस पहलू पर विचार होना चाहिए. मामले में आगे की कार्रवाई अब विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष होगी.
