नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और वंचित समूह (DG) के छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म के बदले नकद सहायता देने की दिल्ली सरकार की नीति को बरकरार रखा है. अदालत ने इस नीति के खिलाफ दायर समीक्षा याचिका खारिज कर दी.
यह याचिका गैर-सरकारी संगठन ‘Justice For All’ ने दाखिल की थी. याचिकाकर्ता का तर्क था कि दिल्ली सरकार को मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में पढ़ने वाले EWS और DG छात्रों को यूनिफॉर्म उपलब्ध करानी चाहिए, केवल नकद राशि नहीं देनी चाहिए.
न्यायमूर्ति सुब्रमणियम प्रसाद और न्यायमूर्ति रेनू भटनागर की पीठ ने कहा कि समीक्षा याचिका में पहले उठाए जा चुके तर्कों को दोबारा रखा गया है. अदालत ने जनवरी 2026 के अपने फैसले में सरकार की नीति को पहले ही वैध माना था.
पीठ के अनुसार, अलग-अलग स्कूलों की यूनिफॉर्म के रंग, डिजाइन और आकार के कारण खरीद और वितरण में व्यावहारिक कठिनाइयां हैं. सरकार ने इसी आधार पर 10 जून 2025 को नकद सहायता देने की नीति बनाई थी. अदालत ने कहा कि यह फैसला इतना मनमाना या अतार्किक नहीं है कि न्यायिक हस्तक्षेप जरूरी हो.
