नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि आधार कार्ड अपने आप में किसी व्यक्ति की जन्मतिथि का निर्णायक प्रमाण नहीं माना जा सकता. अदालत ने स्पष्ट किया कि आधार अधिनियम, 2016 आधार संख्या को पहचान के प्रमाण के रूप में मान्यता देता है, लेकिन इसे जन्मतिथि के प्रमाण के तौर पर परिभाषित नहीं करता.

जस्टिस मनोज कुमार ओहरी ने यह टिप्पणी 13 नवंबर 2026 के फैसले में की. मामला J. J. Electronics और उसकी पूर्व कर्मचारी रोसम्मा जॉय से जुड़ा था. कंपनी ने आधार कार्ड में दर्ज 20 मई 1959 की जन्मतिथि के आधार पर कर्मचारी को 20 मई 2017 को 58 वर्ष की उम्र पूरी होने पर सेवा से अलग कर दिया था.

वहीं, 2010 में कर्मचारी का Employees’ State Insurance Corporation (ESIC) रिकॉर्ड 20 मई 1960 की जन्मतिथि के साथ दर्ज किया गया था. हाईकोर्ट ने माना कि विरोधाभासी दस्तावेजों की प्रमाणिकता और evidentiary value की अलग-अलग जांच जरूरी है.

अदालत ने श्रम न्यायालय के उस निष्कर्ष को बरकरार रखा, जिसमें सेवा समाप्ति को अवैध माना गया था और 20 मई 2018 तक का बकाया वेतन देने का आदेश दिया गया था. UIDAI के 20 दिसंबर 2018 के कार्यालय ज्ञापन का भी उल्लेख किया गया, जिसके अनुसार आधार में जन्मतिथि दस्तावेजों या कार्डधारक की घोषणा के आधार पर दर्ज की जाती है.