नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट ने यह सवाल उठाने वाली याचिका पर केंद्र सरकार और संबंधित बाल कल्याण अधिकारियों से जवाब मांगा है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद लिए गए बच्चे को वर्षों बाद विशेष परिस्थितियों में सरकारी या संस्थागत देखभाल में सौंपा जा सकता है या नहीं.
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की अदालत ने Central Adoption Resource Authority (CARA) से इस मामले में सरकार का पक्ष रखने को कहा है. अदालत ने लाजपत नगर स्थित Kasturba Niketan Complex की Child Welfare Committee को भी नोटिस जारी कर पूछा है कि क्या बच्चे को वहां रखा जा सकता है. अधिकारियों को 30 सितंबर तक जवाब देने का निर्देश दिया गया है.
याचिका adoptive mother ने दायर की है. उनके वकील के मुताबिक, दंपति ने 2018 में छह वर्ष की उम्र में बच्चे को CARA के माध्यम से गोद लिया था. याचिका में दावा किया गया है कि बाद में बच्चे में बौद्धिक अक्षमता, आक्रामक व्यवहार, चोरी और अनुचित आचरण जैसी समस्याएं सामने आईं तथा उसे कई स्कूलों से निकाल दिया गया.
महिला के पति की तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी मां तथा बहन के साथ रह रही हैं. उन्होंने बच्चे की कस्टडी किसी सरकारी या निजी संस्था को सौंपने और उसके इलाज का खर्च अपनी क्षमता के अनुसार उठाने की पेशकश की है. कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों पर स्पष्ट कानूनी मिसालें बहुत कम हैं.
