दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की विदेश यात्राओं से जुड़े भारतीय वायुसेना के उड़ान रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) का आदेश रद्द कर दिया है. अदालत ने माना कि इन रिकॉर्ड का खुलासा राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर सकता है.

न्यायमूर्ति अमित महाजन ने एयर हेडक्वार्टर के Directorate of Personal Services के केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी की याचिका मंजूर करते हुए कहा कि वायुसेना ने सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम की धारा 8 के तहत जानकारी देने से उचित रूप से इनकार किया था. इस धारा में ऐसी जानकारी के खुलासे से छूट है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभावित हो या किसी व्यक्ति के जीवन और शारीरिक सुरक्षा को खतरा हो सकता हो.

मामला सेवानिवृत्त कमोडोर लोकेश के. बत्रा की 2018 में दायर RTI अर्जी से शुरू हुआ था. उन्होंने 1 अप्रैल 2013 से आवेदन की तारीख तक भारतीय वायुसेना के विमानों से भारतीय प्रधानमंत्रियों की विदेश यात्राओं से संबंधित जानकारी मांगी थी.

वायुसेना ने नरेंद्र मोदी की कुछ विदेश यात्राओं से जुड़ी जानकारी दी थी. साथ ही बताया था कि 1 अप्रैल 2013 से 25 मई 2014 के बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वायुसेना के विमान से कोई यात्रा नहीं की थी. हालांकि, Special Flight Returns (SFR) के Part-I और Part-II की प्रतियां देने से इनकार किया गया था.

CIC ने 8 जुलाई 2020 को उपलब्ध और प्रासंगिक SFR-II रिकॉर्ड की प्रमाणित प्रतियां देने का निर्देश दिया था. हाई कोर्ट ने इस आदेश को चुनौती पर सुनवाई करते हुए कहा कि सुरक्षा कर्मियों के नाम और व्यक्तिगत विवरण हटाने के बाद भी जोखिम पूरी तरह समाप्त नहीं होगा.

अदालत के अनुसार, रिकॉर्ड से प्रधानमंत्री के साथ जाने वाले दल की संरचना और सुरक्षा तैनाती के पैटर्न का अनुमान लगाया जा सकता है. उसने यह भी कहा कि यात्राओं पर सार्वजनिक धन खर्च होने मात्र से ऐसी संवेदनशील जानकारी का खुलासा उचित नहीं हो जाता.