दिल्ली हाईकोर्ट ने दोस्तों के बीच हुई मारपीट से जुड़े एक मामले में समझौते के बाद FIR और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी. हालांकि, राहत को शर्तों के साथ मंजूरी देते हुए अदालत ने दोनों आरोपियों को मणिपुर के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में सामुदायिक सेवा करने का निर्देश दिया है.
न्यायमूर्ति प्रतीक जालान ने 21 अगस्त 2026 को पारित आदेश में कहा कि शिकायतकर्ता और आरोपी अब भी दोस्त हैं और उनके बीच कोई लंबित शिकायत नहीं है. अदालत के अनुसार, ऐसे हालात में मुकदमे को आगे बढ़ाने से किसी सार्थक उद्देश्य की पूर्ति नहीं होगी.
झगड़े के बाद दर्ज हुई थी FIR
यह मामला दिल्ली के डाबरी थाने में दर्ज FIR से जुड़ा था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दो लोग किराए के मकान में रहने वाले शिकायतकर्ता और उसके दोस्त के परिसर में जबरन दाखिल हुए और उनके साथ मारपीट की.
FIR के मुताबिक, मारपीट के दौरान एक व्यक्ति को लात-घूंसों से पीटा गया और वह सिर के बल रसोई के स्लैब पर गिर गया, जिससे उसे सिर में चोट आई. अदालत ने अपने आदेश में यह भी नोट किया कि FIR में किसी आग्नेयास्त्र या धारदार हथियार के इस्तेमाल का आरोप नहीं था. सिर की चोट पहुंचाने के लिए किसी अलग और लक्षित कृत्य का भी उल्लेख नहीं किया गया था.
छह सत्रों में करनी होगी सामुदायिक सेवा
अदालत ने FIR रद्द करने की राहत को सामुदायिक सेवा की शर्त से जोड़ा है. दोनों आरोपियों को अस्पताल में दो-दो घंटे के छह सत्र पूरे करने होंगे. उन्हें अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के समक्ष रिपोर्ट करना होगा, जो उनके लिए उपयुक्त कार्य तय करेंगे.
यह सेवा शुरू होने की तारीख से दो महीने के भीतर पूरी करनी होगी. इसके बाद मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को अनुपालन प्रमाणपत्र जारी करना होगा, जिसे अदालत के रिकॉर्ड पर रखा जाएगा.
10,000 रुपये जमा कराने का भी निर्देश
दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों आरोपियों को संयुक्त रूप से 10,000 रुपये दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में जमा कराने का निर्देश भी दिया है. यह राशि आदेश की तारीख से दो सप्ताह के भीतर जमा करनी होगी.
अदालत को बताया गया कि पक्षकारों ने बिना किसी दबाव या अनुचित प्रभाव के विवाद सुलझा लिया है और समझौता दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं. घायल व्यक्ति ने भी कहा कि वह चोट से उबर चुका है और उसे किसी स्थायी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा.
अदालत ने कहा कि विवाद दोस्तों के बीच हुए झगड़े से पैदा हुआ था और FIR दर्ज होने के कुछ समय बाद ही पक्षकारों ने इसे सुलझा लिया. ऐसे में आपराधिक कार्यवाही जारी रखने से उनके बीच कटुता बनी रहेगी, जबकि न्याय के हित में मामले को समाप्त करना उचित होगा.
