दिल्ली हाई कोर्ट ने वकील पुणीत बत्रा के कार्यालय में GST विभाग की तलाशी और उनके कंप्यूटर CPU समेत दस्तावेज जब्त किए जाने को वैध ठहराया है. अदालत ने कहा कि वकील-क्लाइंट प्रिविलेज किसी वकील के अपने आचरण की जांच के खिलाफ पूर्ण सुरक्षा नहीं देता, खासकर तब जब जांच एजेंसी के पास प्रथमदृष्टया सामग्री हो कि वकील केवल कानूनी सलाहकार की भूमिका तक सीमित नहीं रहे.

यह मामला M/s Matkarma Technology Pvt. Ltd. से जुड़ी GST जांच के बाद सामने आया. विभाग ने 25 जुलाई 2025 को Mayur Vihar स्थित Bass Legal LLP के परिसर में तलाशी ली थी. कार्रवाई के दौरान बत्रा के केबिन से CPU और मामले से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए.

असंबंधित क्लाइंट का डेटा सुरक्षित रहेगा

न्यायमूर्ति अनिल क्षत्रपाल और न्यायमूर्ति शैल जैन की पीठ ने स्पष्ट किया कि प्रिविलेज का उद्देश्य क्लाइंट की गोपनीयता की रक्षा करना है, न कि वकील के निजी आचरण को जांच से बाहर रखना. हालांकि GST अधिकारियों को केवल Matkarma मामले से संबंधित क्लोन किए गए डेटा की जांच की अनुमति दी गई है. अन्य क्लाइंट का असंबंधित डेटा नहीं खोला या देखा जा सकेगा.

अदालत ने यह भी कहा कि फैसला वकीलों के कार्यालयों की असीमित तलाशी की अनुमति नहीं देता और वास्तविक रूप से संरक्षित कानूनी संवादों की सुरक्षा बनी रहेगी.