दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 वर्षीय यौन अपराध पीड़िता बच्ची के लिए ट्रायल कोर्ट की जज रजनी रंगा द्वारा लिखे गए पत्र को उसके या उसके परिवार तक पहुंचाने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) को पत्र प्रिंट कर दो सप्ताह के भीतर पहुंचाने और ₹10.50 लाख मुआवजे के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है.
जज ने पत्र में क्या लिखा
फैसले के बाद लिखे गए पत्र में जज ने बच्ची को भरोसा दिलाया कि अदालत ने उसकी बात सुनी है. बच्ची ने आरोपी को ‘अंकल’ बताते हुए उसे तब तक जेल में रखने की इच्छा जताई थी, जब तक वह बूढ़ा न हो जाए. पत्र में कहा गया कि आरोपी प्राकृतिक जीवन के बाकी समय तक जेल में रहेगा और बच्ची, उसकी छोटी बहन या किसी अन्य बच्चे को दोबारा नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा.
जज ने बच्ची के अदालत में आकर आरोपी की पहचान करने और अपनी मां को घटना के बारे में बताने के साहस की सराहना की. पत्र के अंत में उसे स्कूल जाने, दोस्तों के साथ समय बिताने, खेलने और अपने सपनों पर ध्यान देने के लिए कहा गया. हाईकोर्ट ने इस पत्र को ‘साहस का संदेश’ बताया.
सजा और अगली सुनवाई
मामला 23 जुलाई 2023 की घटना से जुड़ा है. उस समय बच्ची सात साल की थी. ट्रायल कोर्ट ने POCSO के तहत आरोपी सुमित शक्य को प्राकृतिक जीवन के शेष समय तक कठोर कारावास और ₹1 लाख जुर्माने की सजा सुनाई. आपराधिक धमकी के मामले में पांच साल की कठोर कैद और ₹20 हजार जुर्माना भी लगाया गया. दोनों सजाएं साथ चलेंगी.
हाईकोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों, जिनमें फोरेंसिक साक्ष्य भी शामिल हैं, के आधार पर सजा पर तत्काल रोक और जमानत देने से इनकार किया है. DLSA की रिपोर्ट पर अगली सुनवाई 4 नवंबर को होगी, जबकि अपील 20 जनवरी 2027 को सूचीबद्ध है.
