दिल्ली हाई कोर्ट ने रेस्टोरेंट और होटल कारोबारियों को अनिवार्य सर्विस चार्ज वसूलने पर फिलहाल कोई राहत नहीं दी है. अदालत ने नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया और फेडरेशन ऑफ होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की अपीलें सुनवाई के लिए स्वीकार कीं, लेकिन रोक के खिलाफ अंतरिम संरक्षण देने से इनकार कर दिया.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ के सामने केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि कुछ रेस्टोरेंट अब भी ग्राहकों से सर्विस चार्ज अनिवार्य रूप से वसूल रहे हैं. इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि कारोबारियों के पक्ष में कोई अंतरिम आदेश नहीं दिया गया है.

यह मामला 28 मार्च 2025 के एकल पीठ के फैसले से जुड़ा है. उस फैसले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की 2022 की गाइडलाइंस को बरकरार रखते हुए कहा गया था कि सर्विस चार्ज या टिप ग्राहक की इच्छा पर निर्भर है. इसे बिल में स्वतः या डिफॉल्ट रूप से नहीं जोड़ा जा सकता और ग्राहक को भुगतान के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता.

अदालत की ताजा स्थिति के बाद यह व्यवस्था अपीलों पर अंतिम फैसला आने तक प्रभावी रहेगी.