दिल्ली हाईकोर्ट ने नगर निगम दिल्ली (MCD) और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) को लखनऊ नगर निगम के साथ समन्वय कर पशु चिकित्सकों और डॉग कैचर टीमों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया है. यह प्रशिक्षण आवारा कुत्तों की नसबंदी और संबंधित प्रक्रिया को बेहतर बनाने के उद्देश्य से होगा.

न्यायमूर्ति दिनेश मेहता और न्यायमूर्ति अदिति चौधरी की पीठ के समक्ष एमिकस क्यूरी गौरी म auलेखी ने बताया कि लखनऊ नगर निगम दिल्ली आकर प्रशिक्षण देने पर सहमत है. सुनवाई के दौरान अदालत ने नसबंदी अभियान की धीमी रफ्तार पर सवाल उठाया और पूछा कि जब एक वार्ड पूरा करने में दो महीने लग रहे हैं, तो 250 वार्डों में काम कब तक पूरा होगा.

MCD ने बताया कि अभियान में डॉग फीडर्स को भी शामिल किया गया है और आनंद विहार में शिविर लगाए गए हैं. निगम ने कहा कि वह अगली सुनवाई तक आनंद विहार वार्ड को रेबीज-मुक्त घोषित करने की दिशा में काम पूरा कर सकता है और इसके लिए चार सप्ताह का समय मांगा.

अदालत ने निकायों से उन चार वार्डों की पहचान करने को कहा, जिन्हें पहले रेबीज-मुक्त घोषित किए जाने की संभावना है. MCD को एमिकस क्यूरी के सुझावों के आधार पर रोडमैप तैयार कर अदालत में रखने का निर्देश दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी.