दिल्ली हाई कोर्ट ने Instagram के कॉपीराइट प्रवर्तन तंत्र के कथित दुरुपयोग से जुड़ी जनहित याचिका पर Meta Platforms, केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि संगठित साइबर अपराधी डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को निशाना बनाकर फर्जी कॉपीराइट शिकायतें दर्ज कराते हैं और बाद में कंटेंट बहाल करने के बदले पैसे मांगते हैं.
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की पीठ ने की. अदालत ने याचिकाकर्ता और डिजिटल क्रिएटर नितिन जोशी को अपनी शिकायत Meta के समक्ष इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से दाखिल करने को कहा, ताकि कंपनी उस पर विचार कर उचित निर्णय ले सके.
याचिका में आरोप है कि कुछ लोग Facebook के “Edit Post” फीचर का इस्तेमाल कर पुराने पोस्ट में बाद में प्रकाशित किए गए वीडियो जोड़ देते हैं. इसके बाद वे उन पोस्ट को पहले का बताकर वास्तविक क्रिएटर्स के खिलाफ कॉपीराइट दावा कर सकते हैं. अदालत के समक्ष यह भी कहा गया कि ऐसी शिकायतों के कारण कंटेंट ब्लॉक होने या Instagram अकाउंट पर कार्रवाई का खतरा पैदा होता है.
Meta की ओर से कहा गया कि मामला प्लेटफॉर्म की पूरी कॉपीराइट व्यवस्था में खामी का नहीं, बल्कि तीसरे पक्ष द्वारा कथित दुरुपयोग का है. अदालत ने संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है.
