दिल्ली हाई कोर्ट ने कक्षा 12 की अकाउंटेंसी बोर्ड परीक्षा में छात्रों को साधारण और गैर-प्रोग्रामेबल कैलकुलेटर इस्तेमाल करने की अनुमति देने की मांग वाली याचिका पर CBSE को नोटिस जारी किया है. अदालत ने केंद्र सरकार, NCERT और राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र ‘परख’ से भी इस मुद्दे पर जवाब मांगा है.
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्बरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने सभी संबंधित पक्षों को जवाब दाखिल करने के लिए आठ हफ्ते का समय दिया है. मामले की अगली सुनवाई 2 जनवरी 2027 को होगी.
याचिका में क्या दावा किया गया
याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि CBSE की गवर्निंग बॉडी ने दिसंबर 2024 में कक्षा 12 की अकाउंटेंसी परीक्षा में कैलकुलेटर के इस्तेमाल की अनुमति देने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दी थी. याचिका के मुताबिक, पाठ्यक्रम समिति ने भी उसी महीने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी. हालांकि, मंजूरी के बावजूद इस पर अब तक अमल नहीं हुआ है.
याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि अकाउंटेंसी की परीक्षा में लंबी गणनाओं के कारण छात्रों का काफी समय खर्च होता है. कैलकुलेटर की अनुमति मिलने पर छात्र हाथ से गणना करने के बजाय प्रश्नों की अवधारणा और समाधान पर अधिक ध्यान दे सकेंगे.
फिलहाल CBSE की परीक्षा व्यवस्था में कैलकुलेटर की सुविधा केवल डिस्कैलकुलिया से पीड़ित चुनिंदा दिव्यांग छात्रों को दी जाती है. याचिका में मांग की गई है कि जरूरत के आधार पर इस सुविधा का दायरा अन्य श्रेणियों के दिव्यांग छात्रों तक भी बढ़ाया जाए. हाई कोर्ट ने इस चरण पर अनुमति देने का आदेश नहीं दिया है, बल्कि संबंधित पक्षों से उनका रुख मांगा है.
