दिल्ली हाईकोर्ट ने ACP विवेक भगत की शिकायत पर पत्रकारों के खिलाफ दर्ज SC/ST Act मामले की जांच पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया. जस्टिस मिनी पुष्कर्णा की अदालत ने FIR रद्द करने की याचिका पर दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है और मामले को दशहरा अवकाश के बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है.

मामले में एक महिला पत्रकार समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ACP विवेक भगत पर कथित जातिसूचक टिप्पणी की गई थी. FIR में SC/ST (Prevention of Atrocities) Act के साथ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 221, 356(2) और 3(5) लगाई गई हैं.

महिला पत्रकार ने इसी प्रदर्शन के दौरान ACP पर यौन उत्पीड़न और कथित तौर पर धक्का देने का आरोप लगाया था. इस शिकायत पर FIR दर्ज होने की स्थिति अलग से विवाद का विषय बनी हुई है. पत्रकार की ओर से अदालत में कहा गया कि ACP की शिकायत प्रतिशोध में दर्ज कराई गई, जबकि यह आरोप अभी न्यायिक रूप से साबित नहीं हुआ है.

सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले महिला पत्रकार के खिलाफ मामले में पुलिस को कोई दंडात्मक कार्रवाई न करने का अंतरिम निर्देश दिया था. दिल्ली पुलिस ने संबंधित शिकायतों की जांच Crime Branch को सौंपे जाने की जानकारी दी है.