दिल्ली हाईकोर्ट ने यूट्यूबर अजीत भारती की अग्रिम जमानत याचिका 24 सितंबर 2026 को खारिज कर दी. मामला नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ कथित जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियों से जुड़ा है. न्यायमूर्ति सौरभ बनर्जी ने कहा कि मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रथम दृष्टया अपराध बनता है.
अदालत के अनुसार, इस कानून के तहत अग्रिम जमानत पर वैधानिक रोक लागू होती है. इसी आधार पर याचिका को सुनवाई योग्य नहीं मानते हुए खारिज किया गया. अदालत का विस्तृत आदेश अभी उपलब्ध नहीं है.
भारती ने दिल्ली की निचली अदालत के 7 सितंबर के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था. इससे पहले पटियाला हाउस कोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज की थी.
मामले में दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में 23 अगस्त को FIR दर्ज की गई थी. इसमें SC/ST एक्ट के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. भारती की ओर से दलील दी गई थी कि टिप्पणियों में जानबूझकर अपमान या बेइज्जती का इरादा नहीं था.
