दिल्ली हाईकोर्ट ने The Energy and Resources Institute (TERI) की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की उस रिपोर्ट को रद्द कर दिया है, जिसमें उसके पूर्व महानिदेशक आर.के. पचौरी के खिलाफ कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के आरोपों पर प्रतिकूल निष्कर्ष दर्ज किए गए थे. अदालत ने औद्योगिक न्यायाधिकरण के 3 जुलाई 2023 के उस फैसले को भी निरस्त कर दिया, जिसने ICC रिपोर्ट को बरकरार रखा था.
न्यायमूर्ति अमित महाजन ने 17 नवंबर के आदेश में कहा कि पचौरी, TERI के महानिदेशक होने के कारण POSH Act में ‘नियोक्ता’ की परिभाषा के अंतर्गत आते थे. इसलिए उनके खिलाफ शिकायत की जांच TERI की आंतरिक समिति के बजाय जिला स्तर की स्थानीय समिति को करनी चाहिए थी.
स्थानीय समिति करेगी नए सिरे से विचार
अदालत ने शिकायत को सक्षम स्थानीय समिति के पास नए सिरे से विचार के लिए भेज दिया. आदेश में कहा गया कि समिति उपलब्ध रिकॉर्ड और शिकायत की स्वतंत्र रूप से जांच करे.
पचौरी का फरवरी 2020 में निधन हो चुका है. हाईकोर्ट ने कहा कि आगे की कार्यवाही की स्वीकार्यता और व्यावहारिकता पर उनके निधन के प्रभाव का आकलन भी सक्षम मंच को करना होगा. अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि जिस सामग्री और गवाहों के बयानों पर भरोसा किया जाए, उनके संबंध में निष्पक्ष सुनवाई का अवसर दिया जाना जरूरी है.
