दिल्ली हाई कोर्ट ने कानूनी सहायता देने वाले NGO Socio Legal Information Centre (SLIC) का Foreign Contribution (Regulation) Act यानी FCRA पंजीकरण रद्द करने का गृह मंत्रालय का आदेश निरस्त कर दिया है. अदालत ने कहा कि संगठन के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सामग्री रिकॉर्ड पर नहीं रखी गई. फैसले के बाद NGO का FCRA लाइसेंस बहाल होने का रास्ता साफ हो गया है.
यह फैसला NGO की उस याचिका पर आया, जिसमें गृह मंत्रालय के अक्टूबर 2022 के आदेश को चुनौती दी गई थी. संगठन ने अपने नामित विदेशी अंशदान खाते और विभिन्न बैंकों में मौजूद उपयोग खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई को भी चुनौती दी थी.
‘सुरक्षा इनपुट’ का हवाला पर्याप्त नहीं
केंद्र की ओर से कहा गया था कि NGO से जुड़े कथित उल्लंघन सुरक्षा इनपुट के जरिए सामने आए थे और इन्हें गोपनीय होने के कारण सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. जस्टिस एजे भंभानी की पीठ ने कहा कि ऐसे इनपुट इतने गुप्त नहीं रखे जा सकते कि अदालत को भी उनके आधार से जुड़ी कोई सामग्री न दिखाई जाए, जबकि उन्हीं के आधार पर FCRA पंजीकरण रद्द करने जैसी गंभीर कार्रवाई की गई हो.
अदालत ने कहा कि SLIC के खिलाफ ‘आक्रामक सरकार-विरोधी राजनीतिक सक्रियता’ का आरोप भी किसी दस्तावेज या अन्य सामग्री से समर्थित नहीं है. अदालत के मुताबिक, लोगों को अदालतों और वैधानिक आयोगों के समक्ष अपनी शिकायतें उठाने में मदद करना, उपलब्ध संवैधानिक माध्यमों के जरिए काम करना, अपने आप में राजनीतिक गतिविधि या राजनीतिक एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में हस्तक्षेप नहीं माना जा सकता, जब तक इसके विपरीत कोई ठोस सामग्री सामने न आए.
फैसले में गृह मंत्रालय के उस आरोप को भी आधारहीन बताया गया, जिसमें कहा गया था कि NGO की गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भारत के सार्वजनिक संस्थानों की गलत छवि पेश करने का प्रयास हैं. अदालत ने इस दावे पर गंभीर असहमति जताते हुए रद्दीकरण आदेश को कायम रखने से इनकार कर दिया.
