दिल्ली हाईकोर्ट ने कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम की बर्खास्तगी पर रोक लगा दी है. जस्टिस अनुप जे. भंभानी की अदालत ने अकोइजाम की याचिका पर विश्वविद्यालय को नोटिस जारी किया. मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होगी.
अकोइजाम इनर मणिपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं. वह JNU के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स से जुड़े प्रोफेसर थे. विश्वविद्यालय ने 9 अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया था. आदेश में कहा गया था कि JNU की इंटरनल कमेटी ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर उनके खिलाफ बड़ी सजा की सिफारिश की थी.
अकोइजाम ने जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल
रिपोर्ट्स के अनुसार, मई में कम से कम 11 छात्राओं ने अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं. अकोइजाम ने अदालत में दावा किया कि 9 अक्टूबर को उन्हें इंटरनल कमेटी की ओर से जांच पूरी होने का ईमेल मिला, लेकिन जांच के निष्कर्षों और सिफारिशों वाली रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई.
उनका कहना है कि रिपोर्ट शिकायतकर्ता और जवाब देने वाले पक्ष, दोनों को दी जानी चाहिए थी. अकोइजाम के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद असहमति जताने और अपील करने के लिए 30 दिन का समय मिलता है. उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट नहीं मिलने से उनके कानूनी अधिकार प्रभावित हुए.
अकोइजाम ने बर्खास्तगी को राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए आरोपों से इनकार किया. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गोपनीयता नियमों का उल्लंघन करने और उनका नाम समय से पहले सार्वजनिक करने का भी आरोप लगाया.
दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की
JNU के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को वसंत कुंज नॉर्थ थाने में FIR दर्ज की थी. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है.
