दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि अगर कोई बेटी अपनी शादी में हिंसा या प्रताड़ना की शिकायत करती है, तो माता-पिता को उसकी बात गंभीरता से लेनी चाहिए. उसे केवल शादी बचाने के नाम पर समझौता करने या चुप रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए. अदालत ने कहा कि बेटी का मायके लौटना शर्म की बात नहीं है और मदद करने के लिए किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए.
ये टिप्पणियां 2018 में फ्लाइट अटेंडेंट अनिसिया बत्रा की आत्महत्या से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान की गईं. अनिसिया 39 वर्ष की थीं और एक जर्मन एयरलाइन में काम करती थीं. 13 जुलाई 2018 को दक्षिण दिल्ली के पंचशील पार्क में उनकी मौत हुई थी. उनके पति मयंक उन्हें अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था.
अनिसिया के माता-पिता ने पति पर शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था. हालांकि, हाईकोर्ट ने मयंक सिंघवी को क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों से बरी कर दिया.
रिश्तेदारों को आरोपी बनाने पर अदालत की टिप्पणी
अदालत ने कहा कि वैवाहिक विवादों में पति के रिश्तेदारों को केवल रिश्तेदारी के आधार पर आपराधिक मामले में आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए. किसी व्यक्ति के खिलाफ स्पष्ट भूमिका और ठोस सबूत होना जरूरी है. कोर्ट ने यह भी कहा कि तनावपूर्ण वैवाहिक संबंध अपने आप में आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध नहीं बनते. इसके लिए सक्रिय और जानबूझकर की गई भूमिका सामने आनी चाहिए.
अदालत के अनुसार, आत्महत्या से पहले भेजे गए किसी संदेश में किसी व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराना भर भी उकसावे का अपराध साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है.
हर आर्थिक मांग दहेज नहीं
मामले में अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया था कि अनिसिया से पैसे मांगे जाते थे और उनकी मां के साथ संयुक्त रूप से मौजूद फ्लैट की बिक्री से मिली रकम को लेकर दबाव बनाया गया था. हाईकोर्ट ने कहा कि शादी के दौरान पैसों की हर मांग या लेन-देन को दहेज नहीं माना जा सकता. इसके लिए यह दिखाना जरूरी है कि मांग का संबंध विवाह से था.
