दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए. अदालत ने स्पष्ट किया कि पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था नहीं हुई तो किया गया काम बेकार हो सकता है.
हाईकोर्ट के आदेश में कहा गया कि जहां भी वृक्षारोपण किया गया है, वहां पेड़ों की सुरक्षा और उनके रखरखाव के लिए उचित कदम उठाए जाएं. संबंधित संगठनों और विभागों को अपने-अपने उद्यान विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया है.
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि दाखिल की जाने वाली स्थिति रिपोर्ट में पौधों की सुरक्षा और रखरखाव के लिए उठाए गए कदमों का विवरण शामिल हो. आदेश में इस बात पर जोर दिया गया कि वृक्षारोपण के बाद उनकी नियमित निगरानी, संरक्षण और देखभाल सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है.
हाईकोर्ट ने पहले भी दिल्ली में हरित क्षेत्र और पेड़ों के संरक्षण से जुड़े मामलों में अधिकारियों को पर्यावरणीय दायित्वों का प्रभावी पालन करने के निर्देश दिए हैं.
