दिल्ली हाई कोर्ट ने विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए बढ़ाई गई पासपोर्ट फीस को चुनौती देने वाली जनहित याचिका बुधवार को खारिज कर दी. अदालत ने कहा कि 14 साल बाद की गई करीब 67% बढ़ोतरी को अनुचित या अत्यधिक नहीं माना जा सकता.

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि पासपोर्ट जारी करने और उसके नवीनीकरण की फीस तय करना सरकार के नीतिगत अधिकार क्षेत्र में आता है. जब तक शुल्क असंगत रूप से अधिक न हो, अदालत को ऐसे मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए.

याचिका Pravasi Legal Cell ने दायर की थी. इसमें तर्क दिया गया था कि विदेशों, खासकर खाड़ी देशों में काम करने वाले कम आय वाले भारतीयों पर नई फीस का बड़ा बोझ पड़ेगा. याचिकाकर्ता के अनुसार, विदेशों में पासपोर्ट संबंधी शुल्क करीब 7,000 रुपये से बढ़कर लगभग 11,900 रुपये हो गया, जबकि भारत में सामान्य 36-पृष्ठीय पासपोर्ट की फीस 2,500 रुपये है.

पीठ ने आर्थिक रूप से कमजोर प्रवासी भारतीयों के लिए रियायत की मांग पर यह भी सवाल उठाया कि उनकी आर्थिक स्थिति का प्रमाण कैसे तय किया जाएगा. अदालत ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाना सरकार के अधिकार क्षेत्र में है.