दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी विदेशी नागरिक के पास भारतीय वीजा होना, उसे देश में प्रवेश का पूर्ण या स्वतःसिद्ध अधिकार नहीं देता. अदालत ने स्पष्ट किया कि वीजा के बावजूद प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है और इसे बिना शर्त प्रवेश की गारंटी नहीं माना जा सकता.

जस्टिस अमित महाजन ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि विदेशी नागरिकों का भारत में प्रवेश करने का कोई अंतर्निहित अधिकार नहीं है. अदालत के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा और जनस्वास्थ्य समेत विभिन्न परिस्थितियां किसी व्यक्ति को प्रवेश देने से इनकार करने का आधार बन सकती हैं.

यह टिप्पणी तुर्कमेनिस्तान की एक महिला की याचिका पर आई. महिला ने भारत में प्रवेश से इनकार किए जाने के कारणों की जानकारी मांगी थी. हाई कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी.

फैसले में यह रेखांकित किया गया कि वीजा जारी होना और देश में वास्तविक प्रवेश की अनुमति मिलना अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं. प्रवेश के अंतिम निर्णय में संबंधित प्राधिकरण परिस्थितियों और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विचार कर सकते हैं.