दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और अन्य मानवरहित हवाई प्रणालियों के संचालन पर 60 दिनों के लिए रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध 18 नवंबर 2026 से लागू होकर 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा. दोनों तारीखें प्रतिबंध की अवधि में शामिल हैं.
पालम उपमंडल के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीना के आदेश के मुताबिक, यह कदम विमानन सुरक्षा और संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए उठाया गया है. आदेश में कहा गया है कि मानवरहित हवाई उपकरणों का इस्तेमाल हवाई सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है.
समारोहों में लेजर बीम पर भी रोक
एयरपोर्ट के आसपास फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्तरां और अन्य स्थानों पर समारोहों या आयोजनों के दौरान लेजर बीम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने लैंडिंग के दौरान लेजर बीम से पायलटों के दृष्टि-विचलित होने की घटनाओं की सूचना दी थी.
दोनों आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किए गए हैं. इनके उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
