नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश के आरोप में हरियाणा के एक एथलीट को CISF ने पकड़ लिया. आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के निवासी कुनाल के रूप में हुई है. वह पश्चिम बंगाल में रहकर ट्रेनिंग ले रहा था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुनाल टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार पर मौजूद जांचकर्मियों को चकमा देकर अंदर जाने की कोशिश कर रहा था. आरोप है कि वह गेट पार करने के बाद टर्मिनल के भीतर की ओर दौड़ने लगा. उसकी गतिविधि पर सुरक्षा कर्मचारियों की नजर पड़ते ही अलर्ट जारी किया गया.
QRT ने घेरकर पकड़ा
घटना के सामने आए वीडियो में एक युवक को प्रस्थान द्वार से तेजी से अंदर भागते देखा जा सकता है. इसके बाद गेट पर तैनात CISF कर्मियों और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने उसे घेर लिया और कुछ ही समय में काबू में कर लिया.
प्राथमिक जांच के मुताबिक, कुनाल विदेश जाना चाहता था, लेकिन उसके पास यात्रा के लिए जरूरी वीजा और अन्य वैध दस्तावेज नहीं थे. आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के बिना उसने एयरपोर्ट के प्रतिबंधित हिस्से में प्रवेश करने का प्रयास किया.
CISF ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया. CISF की आधिकारिक शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
