नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने अवैध पटाखों की तस्करी और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,101 किलो पटाखे जब्त किए हैं. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई बाहरी उत्तरी जिले की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने की.
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि हरियाणा से यूईआर-2 और बवाना मार्ग के जरिए पटाखों की खेप दिल्ली लाई जा रही है. टीम ने दो Tata Ace टेंपो को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 1,350 किलो पटाखे मिले. दोनों वाहनों को भी जब्त किया गया.
पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर पुलिस अलीपुर के जेडएमएच चौक के पास एक गोदाम तक पहुंची. वहां तलाशी के दौरान 751 किलो अतिरिक्त पटाखे बरामद हुए. पुलिस ने इस मामले में अमित गुप्ता, सुनील और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है.
मामले में 2 अक्टूबर को एनआईए थाना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब पटाखों के स्रोत, खरीदार, संभावित गंतव्य और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है. अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
