नई दिल्ली में India Biennale 2026 का दूसरा संस्करण 4 दिसंबर 2026 से शुरू होगा और 21 मार्च 2027 तक चलेगा. 108 दिनों के इस आयोजन में राजधानी के 22 से अधिक ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, दीर्घाओं और सांस्कृतिक संस्थानों को एक साझा कला-दृष्टि के तहत जोड़ा जाएगा.

पुराना किला आयोजन का मुख्य स्थल होगा. इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, मेहरौली, हौज खास और अग्रसेन की बावली समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. इस वर्ष की थीम ‘तत् त्वम् असि’ है, जिसका अर्थ ‘तुम वही हो’ है.

कार्यक्रम में कला प्रदर्शनियां, इंस्टॉलेशन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हेरिटेज वॉक, कार्यशालाएं और संवाद सत्र शामिल होंगे. Student Biennale में देशभर के 108 युवा कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी. आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 200 से अधिक प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें करीब 40 प्रदर्शनियों की पुष्टि हो चुकी है.

दिल्ली सरकार ने यातायात, स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं और आयोजन स्थलों के बीच संपर्क बेहतर करने के लिए विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है. हॉप-ऑन, हॉप-ऑफ विरासत बस सेवा और व्यस्त दिनों में मेट्रो सेवाओं के समय में संभावित विस्तार पर भी काम किया जा रहा है.