दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को INDIA ब्लॉक की रैली प्रस्तावित है. रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है. कार्यकर्ताओं, छात्र समूहों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के भी पहुंचने की बात कही गई है.

रैली का मार्च कनॉट प्लेस से शुरू होकर मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान तक जाने का कार्यक्रम है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है.

मैदान में 14 सुरक्षा जोन

कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियों समेत 4,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी. रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी करेंगे.

सुरक्षा और निगरानी के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. मैदान के भीतर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. दिल्ली पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों ने रैली मार्ग तथा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया है.

कई मार्गों पर यातायात बदलाव

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट समेत कई प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रतिबंध या मार्ग परिवर्तन लागू रहेंगे. लोगों को बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड के आसपास के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है.

एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पतालों की ओर जाने वाली एंबुलेंस तथा आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाने को कहा गया है. पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली की अनुमति दी है, लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए आवेदन नहीं मिलने की जानकारी दी है.