नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अक्टूबर को दिल्ली जल बोर्ड की 43 जल और सीवेज परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत ₹8,941.22 करोड़ है. दिल्ली के जल मंत्री पारवेश साहिब सिंह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी.
इनमें ₹2,827.11 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹6,114.11 करोड़ की 33 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है. योजनाओं का उद्देश्य सीवेज प्रबंधन मजबूत करना, यमुना में गंदे पानी का प्रवाह रोकना और दिल्ली की जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाना है.
प्रमुख परियोजनाएं
प्रस्तावित कामों में ओखला में 124 मिलियन गैलन प्रतिदिन क्षमता वाला नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, आठ मौजूदा प्लांटों का उन्नयन और बाहरी दिल्ली में 29 विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा पंपिंग स्टेशन शामिल हैं. आठ प्लांटों के उन्नयन से उनकी संयुक्त क्षमता 78.2 MGD से बढ़कर 140.8 MGD होने की जानकारी दी गई है.
परियोजनाओं में सीवर नेटवर्क का विस्तार और घरों को सीवर कनेक्शन देने से जुड़े काम भी शामिल हैं.
