वित्तीय दबाव से जूझ रहा दिल्ली जल बोर्ड अपनी पांच प्रमुख संपत्तियों के पुनर्विकास और व्यावसायिक उपयोग की संभावनाएं तलाश रहा है. इसका उद्देश्य अतिरिक्त राजस्व जुटाकर पानी और सीवर ढांचे में निवेश की जरूरतों को पूरा करना है.

प्राथमिक सूची में झंडेवालान स्थित वरुणालय कॉम्प्लेक्स, हैदरपुर का वरुण निकेतन स्टाफ क्वार्टर, आरामबाग स्टाफ क्वार्टर, रिठाला का वरुण कुंज स्टाफ क्वार्टर और लाजपत नगर का जल विहार शामिल हैं.

जल बोर्ड ने इन संपत्तियों के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने को निविदा जारी की है. सलाहकार संपत्तियों की मौजूदा स्थिति, उपयोग, कब्जे, भूमि उपयोग नियम, जोनिंग और बाजार संभावनाओं का अध्ययन करेगा. इसके बाद आवासीय, कमर्शियल, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, संस्थागत या मिक्स्ड यूज मॉडल पर सुझाव दिए जाएंगे.

संभावित मॉडल में लंबी अवधि की लीज, रेवेन्यू शेयरिंग, जॉइंट डेवलपमेंट और जॉइंट वेंचर शामिल हैं. पूरी प्रक्रिया में शुरुआती आकलन से लेकर डेवलपर चयन तक करीब 10 महीने लगने का अनुमान है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वरुणालय को बेचने के बजाय उसके पुनर्विकास की योजना है.