दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में श्रीराम चौक के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान शाहिद हुसैन के रूप में हुई है. पुलिस जांच के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का संदेह है और विवाद की शुरुआत वर्ष 2025 में तिहाड़ जेल से हुई थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहिद स्कूटी से चौक के पास पहुंचा था. तभी बाइक सवार चार युवकों ने कथित तौर पर उसकी स्कूटी में टक्कर मारी और उसे सड़क पर गिरा दिया. इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला किया और चाकू से कई वार किए. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे.

हमले के बाद शाहिद को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मृतक और तरुण उर्फ रंजन के बीच पहले से विवाद था.