दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में 4 अक्टूबर की रात एक 17 वर्षीय किशोर की Audi कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में सड़क से गुजर रहे 45 वर्षीय उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें JPN Apex Trauma Centre ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना तड़के करीब 2 से 2:30 बजे किशनगढ़ रेड लाइट के पास CNG पंप के सामने हुई. अन्य वाहनों के चालक हादसे में घायल नहीं हुए. प्रारंभिक जांच में Audi को लापरवाही से चलाए जाने की बात सामने आई है.

पुलिस ने किशोर को पकड़कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए Juvenile Justice Board के सामने पेश किया. उसके खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा लापरवाही से मौत का कारण बनने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है. मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं.

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि Audi किराए पर ली गई थी या किसी परिचित की थी. पुलिस वाहन बुकिंग, उम्र और ड्राइविंग लाइसेंस के सत्यापन की प्रक्रिया की जांच कर रही है. Audi समेत हादसे में शामिल सभी वाहन जब्त कर लिए गए हैं.