दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार, 24 अक्टूबर को 12वीं कक्षा की एक छात्रा की स्कूल परिसर में आग लगने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, छात्रा गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रा के स्कूल बैग से तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिला है. नोट में क्या लिखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस ने बैग और घटनास्थल से कुछ अन्य सामग्री भी बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है.

घटना की सूचना मिलने के बाद कृष्णा नगर थाना पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच के तहत शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रा से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है. छात्रा के परिवार ने स्कूल प्रशासन की ओर से समय पर सूचना नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.