दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को ₹2,500 की मासिक सहायता देने की प्रक्रिया में डिजिटल भुगतान व्यवस्था अटक गई है. सरकार ने कहा है कि Central Bank Digital Currency (CBDC) वॉलेट से जुड़ी तकनीकी और संचालन संबंधी प्रक्रियाओं को मजबूत करने की जरूरत है.
अंतरिम व्यवस्था के तहत जनवरी 2027 तक पूरी ₹2,500 मासिक सहायता फिक्स्ड डिपॉजिट के जरिए दी जाएगी. एफडी की अवधि पूरी होने पर राशि लाभार्थी के डिजिटल वॉलेट में जमा की जानी है. उपलब्ध सरकारी जवाब के अनुसार अब तक 4,488 स्वीकृत लाभार्थियों के नाम पर एफडी बनाई जा चुकी हैं.
योजना में मूल रूप से ₹1,500 राशि रिकरिंग या फिक्स्ड डिपॉजिट में और ₹1,000 CBDC वॉलेट में भेजने का प्रावधान था. वॉलेट में शराब, तंबाकू, नशीले पदार्थ, लॉटरी और जुआ-सट्टे जैसी श्रेणियों पर लेनदेन प्रतिबंधित हैं.
आवेदन प्रक्रिया भी धीमी बनी हुई है. सरकार को करीब 7.52 लाख आवेदन मिले हैं, जिनमें लगभग 7.04 लाख आवेदन शुरुआती जांच के लिए लंबित बताए गए हैं. अब तक 39,274 आवेदन मंजूर, 6,242 पर आपत्तियां और 1,694 आवेदन खारिज किए गए हैं.
यह योजना 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 सहायता देने के लिए शुरू की गई है. परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख तक होना और दिल्ली में कम-से-कम 10 वर्ष का निवास इसकी प्रमुख शर्तों में शामिल है.
