दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग के लिए ‘Delhi Liquor Booking’ ऐप शुरू किया गया है. यह सुविधा फिलहाल दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) द्वारा संचालित 208 सरकारी शराब दुकानों पर उपलब्ध है. ग्राहक ऐप पर उपलब्ध ब्रांड और स्टॉक देख सकते हैं, बोतल का आकार व मात्रा चुनकर डिजिटल भुगतान कर सकते हैं.

ऑर्डर की पुष्टि के बाद ऐप पर QR कोड जारी होगा. ग्राहक को भुगतान के 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर जाकर QR कोड दिखाना होगा और शराब लेनी होगी. इस सेवा में घर तक डिलीवरी का प्रावधान नहीं है. ऐप इस्तेमाल करने वाले ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए. मौजूदा नियमों के तहत एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है. ऑर्डर उठाने से पहले उसे रद्द करने की सुविधा भी दी गई है.

DSIIDC के अनुसार, योजना का उद्देश्य दुकानों पर भीड़ कम करना, भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों को ब्रांड उपलब्धता पहले से देखने की सुविधा देना है.

इस योजना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है. AAP के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने ऐप वापस लेने की मांग की है और ऐसा न होने पर शहरव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है.