दिल्ली में ऑनलाइन शराब बुकिंग ऐप को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच विवाद बढ़ गया है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने ‘Delhi Liquor Booking’ सेवा को 24 घंटे के भीतर वापस लेने की मांग की है. उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन और प्रदर्शन की चेतावनी दी.

यह ऐप दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (DSIIDC) की 208 सरकारी शराब दुकानों पर उपलब्ध है. ग्राहक इसमें ब्रांड और स्टॉक की जानकारी देखकर ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल भुगतान कर सकते हैं. हालांकि, ऐप से घर तक शराब पहुंचाने की सुविधा नहीं है. भुगतान के बाद ग्राहक को 48 घंटे के भीतर चुनी गई दुकान से QR कोड या सत्यापन प्रक्रिया के जरिए ऑर्डर लेना होता है.

मंजूरी और काम का विवरण

DSIIDC अधिकारियों के अनुसार, ऐप विकसित करने की मंजूरी 13 दिसंबर 2024 को पिछली AAP सरकार के कार्यकाल में दी गई थी. इसके बाद 2 जनवरी 2025 को काम का आदेश जारी हुआ. ऐप नवंबर 2025 में परीक्षण के बाद शुरू किया गया. अधिकारियों ने कहा कि इसका उद्देश्य दुकानों पर कतार कम करना, भुगतान में पारदर्शिता लाना और ग्राहकों पर किसी खास ब्रांड का दबाव रोकना है.

AAP ने योजना को जनविरोधी बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है, जबकि एजेंसी का कहना है कि वर्तमान सरकार ने कतार और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए सेवा जारी रखी.