दिल्ली में शुरू की गई ‘Delhi Liquor Booking’ सुविधा से शराब की होम डिलीवरी नहीं मिलेगी. ग्राहक ऐप पर उपलब्ध ब्रांड, बोतल का आकार और मात्रा देखकर ऑर्डर बुक कर सकते हैं, लेकिन भुगतान के बाद शराब लेने के लिए संबंधित दुकान पर खुद पहुंचना होगा.
यह सुविधा फिलहाल दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (DSIIDC) द्वारा संचालित 208 सरकारी शराब दुकानों पर उपलब्ध है. बुकिंग पूरी होने के बाद ऐप QR कोड जारी करता है. ग्राहक को चुनी गई दुकान पर यह कोड दिखाकर और जरूरी OTP सत्यापन के बाद ऑर्डर लेना होगा.
बुकिंग और भुगतान के 48 घंटे के भीतर ऑर्डर कलेक्ट करना जरूरी है. दुकान जाने से पहले स्टॉक की उपलब्धता देखने और ऑनलाइन भुगतान करने से लंबी कतारों में लगने वाला समय कम हो सकता है. अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना और दुकानों के बाहर भीड़ घटाना है.
यह सुविधा दिल्ली की सभी सरकारी शराब दुकानों पर लागू नहीं है. उम्र और खरीद की मात्रा से जुड़े मौजूदा आबकारी नियम भी जारी रहेंगे.
